स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 रू निगमायुक्त ने विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त शहर का दिया संदेश
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 रू निगमायुक्त ने विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त शहर का दिया संदेश
नागरिकगण प्लास्टिक की थैली का उपयोग पूरी तरह से बंद करें तथा उसके स्थान पर कपड़े या जूट से बने थैलों का प्रयोग करें -निगमायुक्त
सागर/ननि/ नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 प्रतियोगिता के अंतर्गत नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों एवं शहर में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने पीली कोठी, तिलकगंज स्थित सब्जी मंडी, गुजराती बाजार, संजय ड्राइव तथा छोटे तालाब सहित कई प्रमुख स्थलों का जायजा लिया और अधिकारियों को स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि वे किसी भी स्थिति में दुकान की सामग्री सड़क पर न रखें। उन्होंने कहा कि सड़क पर सामग्री रखने से न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि यह स्वच्छ सर्वेक्षण में नगर निगम की रैंकिंग को भी प्रभावित करता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दुकानों का सामान सड़क पर पाया गया तो अतिक्रमण टीम द्वारा संबंधित सामग्री जप्त कर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त श्री खत्री ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से बंद करें तथा उसके स्थान पर कपड़े या जूट से बने थैलों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक न केवल पर्यावरण के लिए घातक है बल्कि यह मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।
मकर संक्रांति के अवसर पर गुजराती बाजार स्थित शंकर जी मंदिर में आयोजित “भोला भोग” कार्यक्रम का निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने वहां किए जा रहे जीरो वेस्ट आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में प्लास्टिक से बनी डिस्पोजल सामग्री, जैसे प्लेट, गिलास व कटोरी का उपयोग बंद कर पर्यावरण हितैषी विकल्प अपनाए जाएं। इससे न केवल कचरे की मात्रा में कमी आएगी बल्कि शहर स्वच्छ एवं सुंदर बनेगा।
इसके साथ ही उन्होंने पीली कोठी एवं तिलकगंज सब्जी मंडी में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को नियमित सफाई, कचरा संग्रहण एवं निस्तारण व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए। संजय ड्राइव स्थित छोटे तालाब की सफाई एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का भी अवलोकन करते हुए निगमायुक्त ने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिकता है।
अंत में निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और इसमें जनसहभागिता ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सागर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने में सहयोग करें।
------------------------------------------------------------------------------
निगमायुक्त के निर्देशानुसार बकाया करों की वसूली हेतु शिविर प्रारंभ
शुक्रवार को मधुकर शाह, सिविल लाइन एवं गोपालगंज वार्ड का शिविर लाल स्कूल के पास आयोजित किया जाएगा
सागर/ननि/15.01.26/ नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा बकाया करों की वसूली के लिए विशेष शिविरों का आयोजन प्रारंभ कर दिया गया है। राजस्व अधिकारी श्री बृजेश तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार से इंदिरा नगर एवं गौर नगर वार्ड में शिविर लगाकर संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया सहित अन्य बकाया करों की वसूली की जा रही है।
इसी क्रम में शुक्रवार को मधुकर शाह, सिविल लाइन एवं गोपालगंज वार्ड के नागरिकों के लिए लाल स्कूल के पास विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिक सरलता से अपने बकाया करों का भुगतान कर सकेंगे। शिविर में नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे, जिससे करदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने नगर निगम क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने बकाया संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क एवं अन्य देय राशियों का भुगतान शिविर में आकर अवश्य करें। उन्होंने कहा कि समय पर कर जमा करने से नगर निगम को विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें