नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु "आपकी महापौर आपके द्वार" एवं जनचौपाल शिविर अंबेडकर वार्ड में 14 जनवरी को संविधान चौक पर आयोजित होगा
नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु "आपकी महापौर आपके द्वार" एवं जनचौपाल शिविर अंबेडकर वार्ड में 14 जनवरी को संविधान चौक पर आयोजित होगा
सागर /ननि /महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी द्वारा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु ,"आपकी महापौर आपके द्वार" जनचौपाल एवं मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण शिविर का आयोजन 14 जनवरी बुधवार को प्रातः 11 बजे से अंबेडकर वार्ड में संविधान चौक पर आयोजित किया गया है। अंबेडकर वार्ड के नागरिकों से अनुरोध है कि शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल शिविर में नगर निगम के सभी अधिकारियों को आवश्यक रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।
--------------------------------------------------------------------------------------------
3R और संसाधन क्षमता के प्रति जागरूकता के जरिये स्वच्छ जल, स्वच्छ भूमि और स्वच्छ हवा के लक्ष्य को हासिल करना आसान होगा : निगमायुक्त
"वेस्ट टू वंडर" यानि 'कबाड़ से जुगाड़' कर आकर्षक कलाकृतियां बना इतिहास और स्वच्छता से लोगों को जोड़ने का निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री का अनूठा प्रयास
सागर दिनांक 13 जनवरी 2026
"वेस्ट टू वंडर" यानि कबाड़ से जुगाड़ कर आकर्षक कलाकृतियां बना स्वच्छता और इतिहास से लोगों को जोड़ने का निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक सागर स्मार्ट सिटी श्री राजकुमार खत्री ने अनूठा प्रयास किया है। उन्होंने काकागंज पानी टंकी के पास फायर स्टेशन परिसर में कबाड़ और स्क्रेप सामग्री से तैयार की जा रहीं कमाल की कलाकृतियों का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा की सागर शहर ही नहीं समूचे विश्व में कचरे का समुचित निपटान एक बड़ी चुनौती है स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत कचरे को कम करने और पुराने सामानों को पुनः उपयोगी बनाने हेतु बड़े पैमाने पर अभियान चलाकर प्रयास किये जा रहे हैं। ऐसे में नगर निगम के पुराने वाहनों सहित कबाड़ हो रहे अन्य सामानों (टायर, टीन, चददर, एंगिल, गाटर आदि धातु, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, ढक्कन-डिब्बे, लकड़ी, प्लास्टिक आदि) से आकर्षक और प्रेरित करने वाली कलाकृतियाँ बनाकर शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को 3R-रिड्यूस (कमी), रियूज़ (पुनःप्रयोग), रिसाइकिल (पुनःचक्रण) के सिद्धांतों को अपनाने हेतु जागरूक बनाना है।
उन्होंने कहा की अक्सर देखने में आता है की लोहा, लकड़ी, प्लास्टिक फाइबर, टीन डिब्बे आदि अन्य कबाड़ कचरा जो की अनुपयोगी समझकर नागरिकों द्वारा यहां वहां फेक दिया जाता है यही कचरा जल स्रोत, भूमि व हवा को प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से प्रदूषत करने का कार्य करता है। जबकि इनसे आकर्षक वस्तुएँ बनाई जा सकती हैं। 3R और संसाधन क्षमता के प्रति जागरूकता के जरिये स्वच्छ जल, स्वच्छ भूमि और स्वच्छ हवा के लक्ष्य को हासिल करना आसान होगा।
निगमायुक्त श्री राजकुमार खत्री के मार्गदर्शन में तीन मढ़िया तिराहे पर ब्लैक स्पॉट को समाप्त कर स्थापित की गईं "सागर स्वच्छता के प्रहरी" प्रतिमाओं को सब ओर सराहा जा रहा है। साफ-सफाई कर शहर की स्वच्छता में अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाले सफाई मित्रों की ऐसी प्रतिक्रितियाँ शायद प्रदेश और देश में दूसरी नहीं है जहाँ लोग इनके साथ खड़े होकर सेल्फी लेते और अपने सोशल मीडिया हेंडल्स पर शान से शेयर कर अपने शहर की खूबसूरती बयां करते हैं। सफाई मित्रों के सम्मान में तैयार इस स्थल के सफल प्रयोग के बाद अब नागरिकों को स्वच्छता के साथ ही इतिहास से जोड़ने का भी प्रयास ऐसी अन्य कलाकृतियों द्वारा करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर निगम के पुराने अनुपयोगी टेंकरों की ऊपरी बॉडी से आधुनिक यूरिनल का निर्माण किया जा रहा है। जो की अपने अंतिम स्वरूप में आ चुके हैं, इन यूरिनल्स को शहर में आवश्यकता अनुसार ऐसे स्थलों पर स्थापित किया जायेगा जहाँ इनकी उपयोगिता के साथ-साथ इनसे लोगों को स्वच्छता अपनाने और 3R-रिड्यूस, रियूज़, रिसाइकिल की प्रेरणा भी मिले। इन्हीं टेंकर वाहनों के निचले हिस्से का उपयोग कर ऐसी कलाकृति बनाई जा रही है जो सभी को इतिहास से रूबरू करायेगी। टेंकर के दो टायरों और फ्रेम का उपयोग कर अन्य स्क्रेप सामग्री से विशाल आकार की तोप का निर्माण किया जा रहा है। भारत के इतिहास में ऐसी कई चीजें हैं जो आज भी लोगों को अचरज में डाल देती हैं। ऐतिहासिक युद्धों में तोपों का महत्व बहुत था, खासकर दुर्गों पर कब्ज़े, सैन्य शक्ति प्रदर्शन और युद्ध के मैदान में निर्णायक प्रभाव डालने के लिए। इसी प्रकार सभी प्रकार के वेस्ट और कबाड़ का उपयोग कर भिन्न-भिन्न प्रतिक्रितियाँ व कलाकृतियाँ तैयार की जाएंगी। इन कलाकृतियों को शहर में विभिन्न स्थलों पर लगाया जायेगा इससे नागरिकों को स्वच्छता और इतिहास से जोड़ा जा सकेगा।
निगमायुक्त श्री खत्री की यह पहल 'स्वच्छ भारत मिशन' के तहत कचरे का सही उपयोग और पर्यावरण जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण होगी। इससे एक ओर शहर में 3R-रिड्यूस (कमी), रियूज़ (पुनःप्रयोग), रिसाइकिल (पुनःचक्रण) के सिद्धांतों को बढ़ावा मिलेगा वहीं दूसरी ओर इस प्रकार की कलाकृतियाँ बनाने हेतु युवा प्रेरित होकर इसे रोजगार के रूप में अपना सकेंगे। इससे शहर में उद्योगों और अन्य विभिन्न हितधारकों के एक संसाधन के रूप में कचरे के इस्तेमाल को प्रोत्साहित किया जा सके। नये नये आइडियाज के उपयोग द्वारा कबाड़ कचरे से कलाकृतियों व प्रतिक्रितियों को बनाकर लोकप्रियता के साथ-साथ आर्थिक मजबूती पा सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन को बढ़ावा देना है। ठोस कचरा प्रबंधन, 3R सिद्धांतों के प्रोत्साहन और ज़ीरो वेस्ट शहर की दिशा में यह प्रयास महत्वपूर्ण होगा।
-------------------------------------------------------------------------
प्रेस नोट
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 अंतर्गत निगमायुक्त ने किया विभिन्न वार्डो का निरीक्षण
वार्डो में ब्लैक स्पाट को समाप्त कर सौंदर्यीकरण करने व सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए निर्देश
सागर/ननि/13.01.2026/
नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने मंगलवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत विभिन्न वार्डो में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कार्य की प्रगति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्य में गति लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि सभी जोन प्रभारी यह सुनिश्चित करें कि उनके वार्ड में एक भी ब्लैक स्पाट न हो, अगर ब्लैक स्पाट हैं तो उनको समाप्त कर सौंदर्यीकरण हेतु कार्रवाई की जाए ।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने जोन प्रभारियों के साथ सिविल लाइन, वृंदावन, काकागंज, अंबेडकर एवं सूबेदार वार्ड का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वार्डों की गलियों, सार्वजनिक स्थलों, नालियों एवं प्रमुख चौराहों पर नियमित एवं गहन सफाई कराने, कचरा पृथक्करण सुनिश्चित करने तथा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अंबेडकर वार्ड स्थित वंदेमातरम चौक एवं सूबेदार वार्ड स्थित शीतला माता मंदिर पर श्रीकृष्ण अर्जुन रथ के आसपास सफाई व्यवस्था के संबंध में सभी ज़ोन प्रभारियों को निर्देशित किया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के सभी मानकों के अनुरूप कार्य करते हुए समय-सीमा में लक्ष्यों को पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, नागरिक सहभागिता एवं नवाचार के माध्यम से सागर शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन दिलाने हेतु नगर निगम की पूरी टीम समर्पित भाव से कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान जोन प्रभारी शशांक रावत, अनुरुद्ध चाचोंदिया, आशुतोष सोलंकी, विकास गुरु, गंधर्व सिंह, शफीक शाह एवं सफाई दरोगा एवं उपस्थित थे।
------------------------------------------------------------------------------
प्रेस विज्ञप्ति
पेयजल की समस्याओं के निराकरण हेतु पंतनगर पानी की टंकी पर हुई जल सुनवाई
सागर/ ननि/ शासन के निर्देशानुसार नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री ने प्रत्येक मंगलवार को "जल सुनवाई" का आयोजन कर नागरिकों की पेयजल से संबंधित समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश जलप्रदाय शाखा के अधिकारियों को दिए हैं। जिसके तहत मंगलवार 13 जनवरी को पंतनगर टंकी पर सुबह 11 बजे से 01 बजे तक जल सुनवाई की गई जिसमें नागरिकों की पेयजल से संबंधित शिकायतों के आवेदन जमा किये गये तथा उनका निराकरण एक सप्ताह में किये जाने का संबंधित व्यक्तियों को आश्वासन दिया।
निगमायुक्त ने समस्त जल उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि किसी को पेयजल से संबंधित समस्या हो तो जल सुनवाई में उपस्थित होकर अपनी शिकायतों से अवगत करावें, इसके अतिरिक्त पेयजल की शिकायत हेतु मोबाईल नं.1.शनिचरी टंकी जोन 7582354590,
2.पंतनगर टंकी जोन 7582244552
3.मोतीनगर टंकी जोन 7582388007
4.पुरव्याऊ टंकी जोन 7582386061
5.करीला टंकी जोन
7582366240 पर संपर्क किया जा सकता है।
--------------------------------------------------------------------
संकल्प फाउंडेशन ने स्वामी विवेकानंद जयंती पर विवेकानंद पार्क में लगाई प्रेरणादायी प्रदर्शनी
संकल्प फाउंडेशन एक सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित संगठन है, जो समाजसेवा के कार्यों में निरंतर कार्य कर रहा है - रिशांक तिवारी
सागर/ 13.1.26/संकल्प फाउंडेशन द्वारा स्वामी विवेकानंद जी की जयंती के अवसर पर सिविल लाइन स्थित विवेकानंद पार्क में विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में स्वामी विवेकानंद जी के प्रेरणादायी जीवन, उनके विचारों, राष्ट्र निर्माण में योगदान तथा संकल्प फाउंडेशन द्वारा समाजसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विविध कार्यों को चित्रों एवं जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।
प्रदर्शनी का अवलोकन महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने किया। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे युवाओं एवं समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।
इस अवसर पर संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री रिशांक तिवारी ने कहा कि संकल्प फाउंडेशन एक सामाजिक एवं नैतिक मूल्यों पर आधारित संगठन है, जो सेवा, शिक्षा एवं आध्यात्मिक विकास को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानता है। फाउंडेशन जरूरतमंदों की सेवा, गुणवत्तापूर्ण एवं संस्कारयुक्त शिक्षा के प्रसार तथा व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं मूल्यनिष्ठ बनाना है।
संकल्प फाउंडेशन द्वारा सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, मानवीय सहायता, महिला एवं बाल उत्थान तथा नैतिक चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। संस्था की विचारधारा महान युगपुरुष स्वामी विवेकानंद जी के जीवन एवं दर्शन से गहराई से प्रेरित है। स्वामी जी का संदेश – “उठो, जागो और तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो” – आज भी युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
प्रदर्शनी के माध्यम से संकल्प फाउंडेशन ने समाज को यह संदेश दिया कि यदि हम स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को आत्मसात करें तो एक सशक्त, संस्कारवान और आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें