कृषि महाविद्यालय भवन और छात्रावास निर्माण की कार्रवाई प्रगति पर रू कृषि मंत्रीभवन निर्माण के लिए 15 करोड़ जारी

कृषि महाविद्यालय भवन और छात्रावास निर्माण की कार्रवाई प्रगति पर रू कृषि मंत्री
भवन निर्माण के लिए 15 करोड़ जारी

सागर। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ने मध्यप्रदेश विधानसभा में बताया कि खुरई स्थित  पंडित अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय के नवीन भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए शासन द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 15 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। महाविद्यालय भवन के प्रथम चरण तथा छात्रावास निर्माण के लिए वर्तमान में निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया प्रचलन में है।

 निविदा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा तथा निर्माण पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह जानकारी उन्होंने खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में प्रश्न उठाते हुए खुरई स्थित  पंडित अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय के नवीन भवन, छात्रावास तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण के लिए विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की जानकारी मांगी थी। साथ ही उन्होंने यह भी पूछा था कि महाविद्यालय में भवन, छात्रावास एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं कब तक उपलब्ध कराई जाएंगी।

मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना ने अपने उत्तर में बताया कि शासन द्वारा जारी प्रथम किश्त की राशि से महाविद्यालय भवन के प्रथम चरण एवं छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वर्तमान में लोक निर्माण संबंधी आवश्यक औपचारिकताओं के तहत निविदा आमंत्रित करने की कार्रवाई की जा रही है।

मंत्री श्री ऐदल सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि निविदा स्वीकृत होने तथा निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद महाविद्यालय में आवश्यक शैक्षणिक एवं छात्रावास संबंधी सुविधाएं उपलब्ध करा दी जाएंगी। 
विधानसभा में इस प्रश्न के माध्यम से खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने क्षेत्र के कृषि विद्यार्थियों को बेहतर अधोसंरचना एवं आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। सरकार के उत्तर से स्पष्ट हुआ कि कृषि महाविद्यालय के भवन एवं छात्रावास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है तथा इसके लिए वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की जा चुकी है।

     -----------------------------------------------
खुरई भी नए शासकीय आईटीआई की प्राथमिकता सूची में शामिल रू मंत्री गौतम टेटवाल

सागर। कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने मध्यप्रदेश विधानसभा में बताया कि विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में एक शासकीय आईटीआई प्रारंभ करना सरकार की प्राथमिकता है। खुरई विकासखंड भी विभाग की प्राथमिकता सूची में शामिल है। 

यह जानकारी उन्होंने  खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
विधानसभा में श्री भूपेन्द्र सिंह ने खुरई नगर में नवीन शासकीय आईटीआई की स्वीकृति के लिए विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई तथा मालथौन में स्वीकृत आईटीआई भवन निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होने के कारणों के संबंध में सरकार से जानकारी मांगी थी। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा मालथौन आईटीआई परियोजना में शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

मालथौन में नवीन आईटीआई भवन निर्माण के संबंध में मंत्री श्री टेटवाल ने बताया कि भवन निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से कराया जाना है। वर्तमान में यह कार्य निविदा स्तर पर लंबित है। निविदा स्वीकृत होने, कार्यादेश (एल.ओ.ए.) जारी होने तथा अनुबंध प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। 

उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास के विस्तार के लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य कर रही है तथा जिन विकासखंडों में अभी तक शासकीय आईटीआई नहीं हैं, वहां संस्थान स्थापित करना विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। खुरई को इस प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाना क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

खुरई में खाद उपलब्धता को लेकर विधायक भूपेन्द्र सिंह का विधानसभा में सवाल

सागर। खुरई विधानसभा क्षेत्र में किसानों को डीएपी, यूरिया एवं सुपर फॉस्फेट की उपलब्धता को लेकर  खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा में प्रश्न लगाकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी है। उन्होंने किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने तथा वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने की मांग करते हुए सरकार से मांग एवं आपूर्ति की पूरी जानकारी सदन में प्रस्तुत करने को कहा है।

विधानसभा में लगाए गए अपने प्रश्न में श्री भूपेन्द्र सिंह ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री से पूछा है कि वर्तमान में खुरई विधानसभा क्षेत्र में डीएपी, यूरिया एवं सुपर फॉस्फेट की उपलब्धता की वास्तविक स्थिति क्या है तथा इनकी मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा अब तक क्या प्रयास किए गए हैं।

श्री सिंह ने यह भी जानकारी चाही है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में कुल कितने किसानों को खाद उपलब्ध कराने के लिए टोकन जारी किए गए हैं तथा डीएपी, यूरिया एवं सुपर फॉस्फेट की कितनी-कितनी मात्रा उपलब्ध कराई गई है। 

श्री भूपेन्द्र सिंह का कहना है कि कृषि कार्यों के लिए समय पर खाद की उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सरकार को प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। इसी उद्देश्य से उन्होंने विधानसभा के माध्यम से सरकार का ध्यान खुरई विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया है और वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

   

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भोपाल में प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों पर प्रशासन सख्त! सागर DEO ने मांगा जवाब

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने शिक्षक बनकर बच्चों को पढ़ाई गणित

चिकित्सा जगत में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की आईएमए एवं फ़ोगसी सागर की अभिनव पहल*