सागर में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

सागर में अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

कट्टा, रिवॉल्वर और पिस्टल समेत 3 जिंदा कारतूस बरामद, हथियार बनाने के उपकरण भी मिले

सागर। जिले में अवैध हथियार रखने, निर्माण करने और उनकी सप्लाई करने वालों के खिलाफ सागर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना कैंट पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक देशी रिवॉल्वर, एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देश पर जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कैंट थाना पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पहली गिरफ्तारी

पुलिस को सूचना मिली थी कि कजलीवन मैदान के पास एक व्यक्ति अवैध कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर अनुज सेन (24), निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड, थाना कोतवाली, सागर को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

पूछताछ में अनुज ने पुलिस को बताया कि यह हथियार उसे साहिल अहिरवार से मिला था।

घर से रिवॉल्वर और हथियार बनाने का सामान बरामद

अनुज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने साहिल अहिरवार (24), निवासी भीम वार्ड, थाना बीना के घर पर दबिश दी। यहां से पुलिस ने 38 बोर की देशी रिवॉल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

इसके अलावा पुलिस को हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और सामग्री भी मिली। इनमें ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, तीन कटी हुई नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां सहित अन्य सामग्री शामिल है।

तीसरे आरोपी तक पहुंची पुलिस

पूछताछ के दौरान साहिल ने एक देशी पिस्टल सूरज अहिरवार (23), निवासी आवासीय कॉलोनी, थाना मोतीनगर, सागर को देने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने सूरज को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 32 बोर की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार आरोपी अनुज सेन के खिलाफ थाना कोतवाली में छेड़छाड़, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत 6 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

वहीं साहिल अहिरवार के खिलाफ थाना बीना में हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट का प्रकरण दर्ज है।

तीसरे आरोपी सूरज अहिरवार के खिलाफ थाना मोतीनगर में हत्या, हत्या के प्रयास, नाबालिग के साथ छेड़छाड़ और मारपीट समेत 4 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा हथियारों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जाती थी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे, थाना प्रभारी बीना अनूप यादव, उप निरीक्षक संजय चामनिया, उप निरीक्षक याकूब केरकिट्टा सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के अधिकारियों-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

आप देख रहे हैं GV News

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भोपाल में प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों पर प्रशासन सख्त! सागर DEO ने मांगा जवाब

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने शिक्षक बनकर बच्चों को पढ़ाई गणित

चिकित्सा जगत में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की आईएमए एवं फ़ोगसी सागर की अभिनव पहल*