“हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के तहत चंद्रशेखर वार्ड में लगा पोषण मेला
प्रोटीन युक्त आहार और मोटे अनाजों के महत्व से कराया अवगत, तिरंगा थाली ने बढ़ाया आकर्षण
सागर, 11 सितंबर 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग, परियोजना सागर शहरी-2 के अंतर्गत चंद्रशेखर वार्ड में 9वें पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” के तहत पोषण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरी बालिकाओं सहित आमजन को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक करना रहा।
पोषण मेले में विभिन्न पोषणयुक्त व्यंजनों की प्रदर्शनी एवं तिरंगा थाली का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उपस्थित महिलाओं एवं वार्डवासियों को प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन के लाभ बताए गए। साथ ही मोटे अनाजों (मिलेट्स) के पोषण गुणों एवं स्वास्थ्य के लिए उनकी उपयोगिता की जानकारी देते हुए इन्हें दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद सुश्री मेघा दुबे, परियोजना अधिकारी श्रीमती ममता निषाद, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।