आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचैपाल” का 20वां शिविर चकराघाट एवं बरियाघाट वार्ड का संयुक्त शिविर संपन्न

आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचैपाल” का 20वां शिविर चकराघाट एवं बरियाघाट वार्ड का संयुक्त शिविर संपन्न
महापौर ने नागरिकों की समस्याओं का मौके पर कराया निराकरण, पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के दिए निर्देश
सागर,/न.नि./दिनांक 22 जुलाई 2026। नगर निगम सागर द्वारा संचालित ‘‘आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचैपाल’’ अभियान के अंतर्गत 20वां शिविर चकराघाट एवं बरियाघाट वार्ड के नागरिकों के लिए चकराघाट पर आयोजित किया गया। शिविर में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को उनके वार्ड में ही सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनचैपाल शिविरों के माध्यम से वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट, जलप्रदाय, स्वच्छता, अतिक्रमण, स्वास्थ्य सेवाओं एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान हेतु भी त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का प्रयास है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा नागरिकों की समस्याओं का निराकरण यथासंभव मौके पर ही किया जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी की पहल पर आयोजित जनचैपाल शिविर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से आमजन की छोटी-बड़ी समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के समाधान हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
महापौर ने नवनियुक्त एल्डरमेन आशालता सिलाकारी का स्वागत किया-
महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी एवं पार्षदों ने नवनियुक्त एल्डरमेन श्रीमती आशालता सिलाकारी का पुष्प गुच्छ भेंटकर स्वागत किया ।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य श्रीमती संगीता शैलेष जैन एवं श्रीमती कंचन जड़िया, पार्षद श्रीमती रुबी कृष्ण कुमार पटेल,पार्षद श्रीमती वैदेही पुरोहित, श्रीमती डाली जयकुमार सोनी, भाजपा पैनलिस्ट श्री रिशांक तिवारी, एल्डरमेन श्रीमती आशालता सिलाकारी, राजस्व अधिकारी श्री बृजेश तिवारी, उपयंत्री श्री संयम चतुर्वेदी, योजना प्रभारी श्रीमती जया श्रीवास्तव, कर संग्राहक श्रीमती नीता श्रीवास्तव,डीपी पाराशर प्रकाश विभाग, एनयूएलएम सिटी मैनेजर विक्रम जैन, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार, आसिफ खान, मंगल तिवारी, सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

Random Posts

Home