कलेक्टर प्रतिभा पाल का सेंट्रलाइज किचन पर औचक निरीक्षण, 6,540 बच्चों के मिड-डे मील की गुणवत्ता जांची
कलेक्टर प्रतिभा पाल का सेंट्रलाइज किचन पर औचक निरीक्षण, 6,540 बच्चों के मिड-डे मील की गुणवत्ता जांची
सागर। जिले के शासकीय स्कूलों में विद्यार्थियों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने गुरुवार सुबह नगर निगम क्षेत्र स्थित सेंट्रलाइज किचन (केंद्रीयकृत किचन) का औचक निरीक्षण किया। इस किचन से शहर के 83 शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के 6,540 विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है।
तिलकगंज आकांक्षा समग्र विकास समिति द्वारा संचालित इस अत्याधुनिक किचन में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से भोजन बनाने की प्रक्रिया शुरू होती है और सुबह 10:30 बजे तक सभी स्कूलों में गर्म एवं ताजा भोजन पहुंचा दिया जाता है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने किचन परिसर, भोजन बनाने की प्रक्रिया, साफ-सफाई, बर्तनों की स्वच्छता तथा उपयोग में लाई जा रही खाद्य सामग्री का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच में भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे तेल एवं मसाले एगमार्क गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन तैयार होने वाले भोजन का एक सैंपल अनिवार्य रूप से सुरक्षित रखा जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उसकी गुणवत्ता की जांच की जा सके। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी व्यवस्थाओं का नियमित पालन सुनिश्चित करने को कहा।
सेंट्रलाइज किचन का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला, सुभाष नगर भी पहुंचीं। यहां उन्होंने विद्यार्थियों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और मात्रा का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों की उपस्थिति के अनुरूप भोजन की उपलब्धता का मिलान किया। निरीक्षण में निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध पाया गया, जिस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाएं इसी प्रकार बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) विवेक केवी भी उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें