कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशों पर बंडा और शाहगढ़ में लगे विशेष स्वास्थ्य शिविर
498 ग्रामीणों की हुई जांच , सागर से पहुंचे नेत्र रोग विशेषज्ञ
सागर 11 सितंबर 2026
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बंडा एवं शाहगढ़ विकासखंड के अमानक शराब से प्रभावित चिन्हित गांवों में 7 दिवसीय विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों की शुरुआत की गई है। इन शिविरों के पहले दिन 11 सितंबर 2026 को कुल 498 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
कलेक्टर श्रीमती पाल की मंशा के अनुसार शिविरों का मुख्य उद्देश्य अमानक शराब के सेवन से बीमार या प्रभावित हुए व्यक्तियों में किसी भी प्रकार के लक्षण पाए जाने पर त्वरित जांच कर उन्हें तत्काल और उचित इलाज उपलब्ध कराना है। इसके लिए शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ विशेष रूप से आंखों की विस्तृत जांच पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।
विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात, सागर से पहुंचे नेत्र विशेषज्ञ
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बंडा के ग्राम पाटन, चौका, बमूरा, छापरी तथा शाहगढ़ के ग्राम नौराज, गूगरा खुई, डिलोना, खटोरा खुर्द, बुढना एवं घुरमार में जांच शिविर आयोजित किए गए। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण हेतु जिला मुख्यालय सागर से विशेष रूप से नेत्र रोग विशेषज्ञ, मेडिकल ऑफिसर, नेत्र सहायक एवं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर की ड्यूटी लगाई गई है।
बंडा विकासखंड में कुल 234 ग्रामीणों का परीक्षण हुआ, जिसमें नेत्र रोग के 85 तथा अन्य बीमारियों से पीड़ित 122 मरीज पाए गए। इसी प्रकार शाहगढ़ विकासखंड में कुल 264 ग्रामीणों का परीक्षण किया गया, जिसमें नेत्र संबंधी 58 मरीज तथा अन्य रोगों के 206 मरीज चिन्हित किए गए।
सीएमएचओ ने स्वयं संभाला मोर्चा, आगामी दिनों में भी जारी रहेंगे शिविर
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. देवेश पटेरिया ने चिन्हित समस्त गांवों का मैदान पर पहुंचकर निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।