आईएमए सागर भवन निर्माण को मिला बड़ा संबल, माननीय विधायक शैलेन्द्र जैन जी ने स्वीकृत किए ₹25 लाख*
आईएमए सागर भवन निर्माण को मिला बड़ा संबल, माननीय विधायक शैलेन्द्र जैन जी ने स्वीकृत किए ₹25 लाख*
सागर, 26 जून। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), सागर के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय विधायक श्री शैलेन्द्र जैन जी से भेंट कर निर्माणाधीन आईएमए भवन के लिए वित्तीय सहयोग का अनुरोध किया। इस अवसर पर आईएमए सागर के अध्यक्ष डॉ. तल्हा साद ने भवन निर्माण की वर्तमान प्रगति एवं इसकी भावी उपयोगिता से अवगत कराया।
डॉ. तल्हा साद ने बताया कि भवन निर्माण के लिए अब तक विभिन्न स्रोतों से लगभग ₹56 लाख की राशि प्राप्त हो चुकी है। निर्माण कार्य तेज़ी से प्रगति पर है, जबकि भवन को पूर्ण रूप से विकसित करने, आवश्यक अधोसंरचना, फर्नीचर एवं अन्य सुविधाओं की व्यवस्था हेतु लगभग ₹35 लाख की अतिरिक्त आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक श्री शैलेन्द्र जैन जी को बताया कि प्रस्तावित आईएमए भवन केवल चिकित्सकों का कार्यालय नहीं होगा, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान, सतत चिकित्सा शिक्षा (CME), कार्यशालाओं, सेमिनारों तथा जनस्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों का आधुनिक केंद्र बनेगा। यहाँ युवा चिकित्सकों के प्रशिक्षण, कौशल विकास तथा चिकित्सा क्षेत्र में अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के लिए नियमित गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी, जिससे अंततः आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
*आईएमए प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध को स्वीकार करते हुए विधायक श्री शैलेन्द्र जैन जी ने आईएमए भवन निर्माण के लिए ₹25 लाख की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की*। उन्होंने कहा कि यह भवन भविष्य में स्वास्थ्य, शिक्षा एवं प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा और सागर जिले के चिकित्सा ढाँचे को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आईएमए प्रतिनिधिमंडल ने विधायक श्री जैन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह सहयोग भवन निर्माण को गति देने के साथ-साथ समाजहित में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
इस अवसर पर आईएमए प्रतिनिधिमंडल में डॉ. जी. एस. चौबे, डॉ. अरुण सराफ, डॉ. प्रदीप चौहान, डॉ. ज्योति चौहान, डॉ. राजेंद्र चौदह , डॉ. जितेंद्र सराफ, डॉ. राजेश जैन, डॉ. मनीष जैन, डॉ. एस. के. सिंह, डॉ. पी. एस. ठाकुर, डॉ. प्रवीण खरे, डॉ. प्रवीण कोहली, श्री गुरनाम सिंह, डॉ. स्मिता दुबे, डॉ. रोहित नामदेव सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें