जैसीनगर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का पैदल भ्रमण, जनसमस्याएं सुनकर 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत

जैसीनगर में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का पैदल भ्रमण, जनसमस्याएं सुनकर 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत

सागर, 2 अगस्त। मध्यप्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने रविवार को जैसीनगर नगर क्षेत्र में व्यापक पैदल भ्रमण कर आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गली-गली और घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निराकरण के लिए 2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। साथ ही क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।

भ्रमण के दौरान मंत्री राजपूत ने कहा कि वह किसी चुनावी या प्रचार कार्यक्रम के तहत नहीं, बल्कि क्षेत्रवासियों का हालचाल जानने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए जैसीनगर पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि "सुरखी विधानसभा मेरा घर है और जैसीनगर का हर परिवार मेरे अपने परिवार का हिस्सा है। जनता का प्रेम और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है।"

मंत्री ने बताया कि जैसीनगर में पहले ही 40 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय, 7 करोड़ रुपये का ऑडिटोरियम, 12 करोड़ रुपये का कॉलेज भवन तथा 2 करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड सहित कई विकास कार्य स्वीकृत और संचालित हैं। वहीं, क्षेत्रवासियों को 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल की भी सौगात दी गई है।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं, बल्कि हर सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहना है। क्षेत्र के विकास में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जगह-जगह हुआ स्वागत

पैदल भ्रमण के दौरान जैसीनगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का शाल, श्रीफल, फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों ने उनका अभिनंदन करते हुए क्षेत्र में हुए विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कई स्थानों पर लोगों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने।

सरकार की योजनाएं हर घर तक पहुंचाने का संकल्प

मंत्री राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बेहतर सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष ब्रजेंद्र सिंह नयाखेड़ा, शिवदयाल बड़ोन्या, प्रियंकर तिवारी, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र त्यार, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव, धीरज सिंह औरिया, नरेंद्र डब्बू आठिया, जैसीनगर सरपंच नंदलाल चढ़ार, डॉ. हेमंत ठाकुर, नीरज जैन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, शासकीय अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

भोपाल में प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों पर प्रशासन सख्त! सागर DEO ने मांगा जवाब

संयुक्त संचालक लोक शिक्षण ने शिक्षक बनकर बच्चों को पढ़ाई गणित

चिकित्सा जगत में वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने की आईएमए एवं फ़ोगसी सागर की अभिनव पहल*